Tuesday, September 17, 2019

एक रात यमराज आये पास मेरे

एक रात यमराज आये पास मेरे
------------------------------------------
Yamraj

एक रात की बात बताऊँ,
यमराज आये थे पास मेरे,
जगाया मुझे,
बोले,
"उठ बेटा,
चल अब मेरे साथ,
समय तेरा पूरा हो गया।"
मैं जागा,
उनको देखा,
काले-कलूटे से थे वे,
उनका भैंसा द्वार पर खड़ा-खड़ा,
जुगाली कर रहा था।
मैंने कहा,
"कौन हो भाई,
मेरे पास क्यों आये हो?
मैं दान आदि में विश्वास नहीं करता,
मुझसे कुछ न पाओगे।"
रंग बदला यमराज के चेहरे का,
बोले,
"मैं कुछ लेने नहीं,
तेरी उम्र पूरी हुई,
तुझको ही लेने आया हूॅ,
चल मरने को तैयार हो जा।"
मैं बोला,
"अभी-अभी मैं उठा हूॅ,
वह भी तुमने उठा दिया है,
सुबह के केवल पाँच बजे हैं,
मैं नौ बजे के बाद उठता हूॅ,
अभी तो कहीं जा नहीं सकता,
मरने की बात दूर है।"
यमराज तमतमा उठे,
बोले,
"तेरी इतनी हिम्मत,
जानता नहीं यमराज हूॅ मैं  !"
मैं बोला,
"कोई भी हो,
डरता नहीं किसी से मैं,
पहली बात यह कहता हूॅ,
जबान संभाल कर बात करो,
तुम मुझे जानते नहीं,
इस गली का दादा हूॅ मैं,
क्या तुमको डर नहीं लगता,
वह भैंसा तुम्हारा ही है न,
गोबर कर गेट गन्दा कर डाला है,
जाओ पहले गोबर साफ करो,
तब मुझसे बात करना आकर।"
यमराज गुस्से में लाल हो गये,
मुझे मारने को गदा उठाया,
मैंने भी बन्दूक लेनी चाही,
तभी पत्नी की आवाज कानों में पड़ी,
"किस बेवकूफ का भैंसा है यह,
यहाँ कहाँ से आ गया,
गेट गन्दा कर डाला है,
ए जी उठिए तो जरा,
उसे ढूँढ कर लाइये,
और इस भैंसे को दूर यहाँ से भगाइए।"
सुनकर मेरी पत्नी की बातें,
यमराज की कंपकंपी छूट गयी,
बोले,
"बेटा,
क्या तू अपनी पत्नी से डरता नहीं,
बड़े ताज्जुब की बात है,
मुझे भी वह उपाय बताओ,
पत्नी मेरी मुझसे डरा करे।"
पत्नी बोल पड़ी तुरन्त ही,
"कहाँ हो यार,
मैं कब से चिल्ला रही,
क्या कानों  में नहीं घुसी?"
मैंने देखा,
यमराज घबड़ाये से थे,
मैं बोला,
"भाई,
तुम चाहे जो कोई भी हो,
मैं नहीं जानता,
लेकिन अभी तो चल सकता नहीं,
पत्नी से मैं बहुत डरता हूॅ,
पहले उसकी आज्ञा सुनूगां,
तुम्हारे बारे में बाद में सोचूंगा,
पहले भैंसा भगाना है जरूरी।"
सुनते ही यमराज बोले,
"सच है,
पत्नी से दुनिया डरती है,
अभी तो मैं भैंसा लेकर भागता हूॅ,
फिर कभी आऊँगा।"

आज के लिए इतना ही...धन्यवाद
अगर आपको यह पोस्ट अच्छी लगी हो तो कृपया कमेंट और शेयर करें... सुधीर श्रीवास्तव

ऐसे ही और कहानियां पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे


मैं पहुंचा एक शादी में

मैं पहुंचा एक शादी में
------------------------------

Shadi

घटना बिल्कुल सही है,
झूठ नहीं मैं बोल रहा,
ऑखों देखी मेरी है,
आपने ने भी अनुभव किया होगा।
मैं पहुंचा एक शादी में,
बड़े भाई के साले की लड़की की शादी थी,
मैं और मेरा परिवार साथ था,
और लोग भी जमा हुए थे।
कोई सूट-बूट धारण किए हुए,
कोई साधारण वेश में था,
औरतों को देखा,
ओवर मेकअप किये हुए,
कोई बिल्कुल साधारण थी।
लड़कियां सेल्फी में बिजी थीं,
लड़के कुछ दूर खड़े,
और नजरें बचाते हुए,
उनपर टकटकी लगाये थे।
लड़की वाले ने निवेदन किया सबसे,
"भइया,
नाश्ता कर लीजिए"
ऐसे दौड़े लोग वहाॅ पर,
जैसे ट्रेन छूट रही हो।
कोई कुछ खाता कोई कुछ खाता,
कोई-कोई तो सबकुछ खा रहा था,
ऐसे,
जैसे कभी खाया न हो।
नाश्ते के बाद पानी का नम्बर आया,
लोग पानी कम पी रहे थे,
लेकिन,
कोल्डड्रिंक,कॉफी,चाय,
एक के बाद एक पी रहे थे।
सबकुछ खाने के बाद भी,
भोजन को ताक रहे थे,
इशारा होते ही,
ऐसे टूटे,
जैसे,
भोजन खत्म होने वाला हो।
एक प्लेट में,
चावल,दाल, रोटी, सब्जी,
दही बड़ा,चटनी,पनीर, मशरूम,पापड़,
रसगुल्ला, हलुवा लेकर खा रहे थे।
खाते कम बातें ज्यादा करते थे,
और,
सब मिलाकर खट्टा-मीठा,
नमकीन,कड़वा भोजन का स्वाद खराब कर देते,
लोग कहते,
"भोजन अच्छा नहीं बना है",
कूड़ेदान में डाल देते थे,
मैंने सोचा,
"क्या घर में भी ऐसा ही करतें होंगे?"
एक मेहमान को देखा,
आइसक्रीम पर जुटा हुआ था,
सच मानिए,
मैंने अपने बेटे को भी गिनाया,
मेरे सामने वह पन्द्रह आइस्क्रीम खा चुका था,
मैं समझ न पाया,
आखिर ऐसा लोग क्यों करतें हैं,
क्या दूसरे की इज्ज़त इज्ज़त नहीं होती,
अपने दरवाजे पर भी,
क्या वे ऐसा करतें होंगे।

आज के लिए इतना ही...धन्यवाद
अगर आपको यह पोस्ट अच्छी लगी हो तो कृपया कमेंट और शेयर करें... सुधीर श्रीवास्तव

ऐसे ही और कहानियां पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करे

                 एक दिन पहुंचा मैं ईश्वर के द्वार
               --------------------------------------
एक दिन पहुंचा मैं ईश्वर के द्वार,
भीड़ वहाँ बहुत अधिक थी,
वी आई पी भी बैठे थे,
चाहे राज नेता रहें हों,
या आम जनता ही हो,
या फिर कोई और रहा हो,
एक कतार में खड़े हुए थे।
चित्रगुप्त जब नाम बोलते,
उपस्थित सामने होते थे,
चित्रगुप्त लेखा-जोखा देखते,
ईश्वर को बताते थे।
लेकिन,
ईश्वर को मैंने देखा,
सर पकड़कर बैठे थे,
कुछ लोग उन्हें घेरे थे,
हल्ला खूब मचा रहे थे।
मैं तो जीवित अवस्था में था,
उनके पास पहुंच गया,
पूछा,
"भगवन्,
आप बड़े चिंतित लगतें हैं,
आखिर क्या बात है?"
ईश्वर बोले,
"वत्स,
क्या बताऊँ,
बात ही कुछ ऐसी है,
अपनी गलती से यहाँ पृथ्वी से मैंने,
सत्ता और विपक्ष दोनों को बुला लिया है,
सत्ता पक्ष शान्त बैठा है,
विपक्ष चिल्ला रहा है,
"हम चाहे जैसे भी हों,
स्वर्ग हमको चाहिए,
और,
जो साथी मेरे नर्क में बैंठे हैं,
उनको भी यहीं बुलाओ तुम।"
यदि मैं नहीं मानता,
धरने तथा भूख हड़ताल की धमकी देतें हैं।"
मैं बोला,
"हे ईश्वर,
छोड़िये यह सब,
बस,
अब चुनाव करवा दीजिए।"
सुनकर मेरी बातों को,
ईश्वर न जाने क्यों कुपित हो गये,
बोले,
"दुष्ट,
क्या बोल रहा है,
मुझे बेवकूफ समझा है क्या?
नहीं छोड़नी मुझे अपनी कुर्सी,
चल भाग यहाँ से,
नहीं तो----------------।"
मैं भागा तुरन्त वहाॅ से,
और,
बिस्तर पर आ गिरा।